Tue. Mar 3rd, 2026

छत्तीसगढ़ में कैंसर के इलाज को नई दिशा, श्री बालाजी कैंसर अस्पताल शुरू

Healthbhaskar.com: रायपुर, 2 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा रायपुर स्थित श्री बालाजी हॉस्पिटल परिसर में 200 बिस्तरीय अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बालाजी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

शुभारंभ समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल की नवनिर्मित इकाइयों का निरीक्षण किया तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए इसे राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम बताया।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का सशक्त उदाहरण

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार राज्य की प्रगति और मजबूत आधारभूत संरचना का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने बताया कि राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रजत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए विकास को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि राज्य गठन के समय जहां केवल एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं अब प्रदेश में 14 से 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अपने दो वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने प्रदेश में 5 से 6 नए अत्याधुनिक अस्पतालों का शुभारंभ किया है, जिससे आम नागरिकों को उन्नत, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।

आयुष्मान योजना से मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि श्री बालाजी कैंसर अस्पताल में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के अंतर्गत उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे कैंसर जैसे गंभीर रोग से जूझ रहे मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी और उन्हें गुणवत्तापूर्ण उपचार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल

नवनिर्मित श्री बालाजी कैंसर अस्पताल में आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं, उन्नत रेडियोथेरेपी, कीमोथेरेपी, डे-केयर यूनिट, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर,आईसीयू एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपलब्ध रहेगी। इससे प्रदेश के कैंसर रोगियों को एक ही छत के नीचे समग्र उपचार मिल सकेगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी भागीदारी का सशक्त उदाहरण

इस अवसर पर अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. तेजस नायक, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नीता नायक, श्री आर. के. नायक, श्रीमती सत्यवती नायक, अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने इस पहल को छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य परिदृश्य के लिए मील का पत्थर बताया है।

 


 

You cannot copy content of this page