Sat. Mar 28th, 2026

छत्तीसगढ़ में जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र प्रक्रिया हुई पूरी तरह ऑनलाइन, स्वास्थ्य प्रशासन को मिली डिजिटल मजबूती

Healthbhaskar.com: रायपुर | 16 दिसंबर 2025 छत्तीसगढ़ राज्य में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और नागरिक–अनुकूल बनाते हुए इसे पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। अब राज्य में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से भारत सरकार के महापंजीयक कार्यालय, नई दिल्ली द्वारा विकसित संशोधित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही जारी किए जा रहे हैं। यह व्यवस्था वर्ष 2023 में पोर्टल के उन्नयन के बाद प्रभावी रूप से लागू हुई है, जिससे सार्वजनिक स्वास्थ्य डेटा प्रबंधन में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

राज्य में अक्टूबर 2023 से सभी जन्म प्रमाण पत्र ऑनलाइन जारी किए जा रहे हैं। प्रारंभिक चरण में सामने आई तकनीकी चुनौतियों का समाधान समयबद्ध ढंग से किया गया, जिसके परिणामस्वरूप वर्तमान में पोर्टल पूरी तरह सुचारु और तकनीकी रूप से सक्षम हो चुका है। महापंजीयक कार्यालय, भारत सरकार द्वारा समय-समय पर तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराए जाने से प्रणाली की विश्वसनीयता और सुदृढ़ हुई है।

सार्वजनिक स्वास्थ्य डेटा में पारदर्शिता, छत्तीसगढ़ में डिजिटल व्यवस्था लागू

स्वास्थ्य प्रशासन की दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य के सभी जन्म–मृत्यु रजिस्ट्रारों को पोर्टल संचालन का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। जिला स्तर पर भी नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को प्रमाण पत्र जारी करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह व्यवस्था मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य निगरानी, मृत्यु दर विश्लेषण और सार्वजनिक स्वास्थ्य नीतियों के निर्माण में भी सहायक सिद्ध हो रही है।

इसके साथ ही, राज्य सरकार ने आधार कार्ड निर्माण से संबंधित प्रक्रियाओं में एकरूपता लाने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। इससे नागरिकों को समय पर, सटीक और प्रमाणिक दस्तावेज उपलब्ध हो सकेंगे। यह पहल छत्तीसगढ़ में डिजिटल सेवाओं के विस्तार, प्रशासनिक पारदर्शिता और नागरिक सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे आमजन को तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद सेवाएँ मिल रही हैं।


 

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page