जशपुर में विज्ञान शिक्षा को नई उड़ान : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में जिला प्रशासन व विज्ञान भारती के बीच ऐतिहासिक समझौता

Healthbhaskar.com: रायपुर, 17 सितम्बर 2025 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में जशपुर जिला प्रशासन और विज्ञान भारती के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करना और उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जोड़ना है।
इस MoU के तहत जशपुर जिले के विद्यालयों में विज्ञान शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए विविध नवाचारी कार्यक्रम संचालित होंगे। बच्चों में विज्ञान के प्रति उत्सुकता, जिज्ञासा और प्रयोगशीलता को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि शिक्षा अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बन सके। विज्ञान भारती पहले से ही जिले में “स्पेस ऑन व्हील” जैसे कार्यक्रमों, विज्ञान क्लबों की स्थापना और विद्यार्थी विज्ञान मंथन जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को विज्ञान, गणित और प्रौद्योगिकी की दिशा में प्रेरित करती रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि यह साझेदारी विद्यार्थियों के लिए विज्ञान एवं नवाचार के नए अवसर खोलेगी। वैज्ञानिक सोच से लैस नई पीढ़ी ही आत्मनिर्भर भारत और विज्ञाननिष्ठ समाज की नींव रखेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और विज्ञान को समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम मानती है। जशपुर जिला प्रशासन और विज्ञान भारती का यह संयुक्त प्रयास न केवल विद्यालयीन शिक्षा को सुदृढ़ करेगा, बल्कि विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी की दुनिया में नई ऊँचाइयाँ छूने का अवसर भी देगा। इस सहयोग से न केवल शिक्षा का स्तर ऊँचा होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ी वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ अपने भविष्य को और अधिक सशक्त बना सकेगी।
हमारे फेसबुक पेज को फ़ॉलो करें और स्वास्थ्य जगत की हर बड़ी ख़बर सबसे पहले पाएं:- https://www.facebook.com/share/16ddzmondk/