Tue. Mar 3rd, 2026

होली पर अम्बेडकर अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा, स्टाफ रहेगा अलर्ट

Healthbhaskar.com: रायपुर, 2 मार्च 2026। होली पर्व के दौरान नागरिकों को निर्बाध एवं त्वरित चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों तथा सभी विभागाध्यक्षों को विशेष निर्देश जारी करते हुए कहा है कि आपातकालीन सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

होली त्योहार के दौरान संभावित दुर्घटनाओं, सड़क हादसों, रंगों से होने वाली एलर्जी तथा अन्य आपात चिकित्सा स्थितियों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित की जाएंगी। शासकीय अवकाश के कारण 4 मार्च को बाह्य रोगी विभाग ओपीड़ी बंद रहेगा, लेकिन इमरजेंसी विभाग पूरी तरह सक्रिय रहेगा।

अधीक्षक डॉ. सोनकर ने सभी वार्डों में जीवन रक्षक दवाएं, आपात उपकरण, ब्लड यूनिट तथा ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चिकित्सकीय टीम को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

त्योहार के दौरान अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है। अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर मरीजों को डीकेएस अस्पताल स्थित सुपर स्पेश्यलिटी विभाग में रेफर करने के लिए एम्बुलेंस सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। अस्पताल प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली पर्व को सुरक्षित, संयमित एवं जिम्मेदारीपूर्वक मनाएं। किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय आपात स्थिति में तुरंत अम्बेडकर अस्पताल के इमरजेंसी विभाग से संपर्क कर सकते है।

 


 

You cannot copy content of this page