Sat. Feb 21st, 2026

सेवा, संवेदना और समाज के प्रति समर्पण का उदाहरण बना मुख्यमंत्री का जन्मदिन

Healthbhaskar.com: रायपुर, 21 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने 62वें जन्मदिन के अवसर पर समाज सेवा और मानवता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान धन्वंतरि की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की तथा रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस विशेष अवसर पर अल्फा ग्लोब फाउंडेशन, रायपुर एवं शिवनाथ ब्लड सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में 62 लोगों के रक्तदान की विशेष व्यवस्था की गई थी। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भाग लेकर रक्तदान किया।

रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “रक्तदान महादान है और यह मानवता की सच्ची सेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में जब मरीजों को रक्त की जरूरत होती है, तब रक्तदाता का योगदान किसी जीवन को बचाने के समान होता है। रक्तदान से किसी की जान बचती है, यही सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे वर्ष में कम से कम एक बार स्वेच्छा से रक्तदान अवश्य करें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र, जरूरत पड़ने पर मिलेगा निःशुल्क रक्त

शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को सम्मान पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन प्रमाण पत्रों के माध्यम से भविष्य में यदि रक्तदाता या उनके परिजनों को रक्त की आवश्यकता पड़े, तो उन्हें निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल से न केवल लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में भी सहायता मिलेगी।

एक वर्ष में 11 हजार यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य

अल्फा ग्लोब फाउंडेशन द्वारा आगामी एक वर्ष में लगभग 11 हजार यूनिट रक्त संग्रह का संकल्प लिया गया है। संस्था विभिन्न ब्लड बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य करेगी। इस अवसर पर सुरक्षित यातायात जागरूकता अभियान का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।

युवाओं से विशेष अपील – रक्तदान और यातायात नियमों का करें पालन

मुख्यमंत्री साय ने युवाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान के साथ-साथ सड़क सुरक्षा नियमों का पालन भी जीवन रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी से कई जानें बचाई जा सकती हैं। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए आयोजक संस्थाओं, चिकित्सक दल, स्वास्थ्य विभाग, स्वयंसेवकों एवं सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

विशिष्ट जनों की रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सीजीएमएससी के चेयरमैन दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, पी. दयानंद, डॉ. बसवराजु एस सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 


 

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page