Mon. Feb 9th, 2026

SVH–MGM साझेदारी से छत्तीसगढ़ को मिली उन्नत हार्ट ट्रांसप्लांट और हार्ट फेल्योर केयर की सौगात

Healthbhaskar.comरायपुर 27  जनवरी , 2026। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए कमल विहार स्थित श्री वेंकटेश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल SVH, रायपुर ने अपने द्वितीय स्थापना दिवस के अवसर पर MGM हेल्थकेयर, चेन्नई के सहयोग से हार्ट फेल्योर क्लिनिक एवं हार्ट ट्रांसप्लांट विभाग का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

मरीजों को अब मेट्रो शहरों की आवश्यकता नहीं

इस पहल के साथ ही रायपुर में हार्ट ट्रांसप्लांट सेवाएं उपलब्ध हो गई हैं, जिससे गंभीर हार्ट फेल्योर से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली, चेन्नई या मुंबई जैसे मेट्रो शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। इससे न केवल समय और खर्च की बचत होगी, बल्कि मरीजों और उनके परिजनों के मानसिक तनाव में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। यह सुविधा छत्तीसगढ़ में टर्शियरी कार्डियक केयर के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगी।

दो वर्षों में 1500 से अधिक सफल हृदय शल्य क्रियाएं

श्री वेंकटेश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पहले से ही राज्य में अत्याधुनिक हार्ट एवं लंग केयर सेवाएं प्रदान कर रहा है। केवल दो वर्षों की अल्प अवधि में SVH में 1500 से अधिक हृदय शल्य क्रियाएं सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं, जिनमें लगभग 90 प्रतिशत सर्जरी MICS (Minimally Invasive Cardiac Surgery) तकनीक से संपन्न हुई हैं। यह उपलब्धि राज्य के मरीजों के लिए वरदान सिद्ध हुई है।

 

उद्घाटन समारोह में MGM की विशेषज्ञ टीम की उपस्थिति

उद्घाटन समारोह में MGM हेल्थकेयर, चेन्नई से डॉ. के. आर. बालाकृष्णन (डायरेक्टर – हार्ट एवं लंग ट्रांसप्लांट), डॉ. अंकिता कुलकर्णी एवं MGM प्रबंधन टीम की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे दोनों संस्थानों के बीच मजबूत चिकित्सकीय एवं शैक्षणिक साझेदारी को नया आयाम मिला है।

छत्तीसगढ़ की टीम को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. के. आर. बालाकृष्णन ने बताया कि MGM हेल्थकेयर में उपलब्ध उन्नत हार्ट एवं लंग ट्रांसप्लांट सेवाओं का लाभ अब छत्तीसगढ़ के मरीजों को भी मिलेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि SVH की मेडिकल टीम को चेन्नई में संरचित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे रायपुर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हार्ट ट्रांसप्लांट सेवाएं विकसित की जा सकें।

SVH निदेशक का विज़न

इस अवसर पर डॉ. निशांत सिंह चंदेल, डायरेक्टर एवं CTVS सर्जन, SVH ने कहा कि हार्ट फेल्योर क्लिनिक और हार्ट ट्रांसप्लांट विभाग की शुरुआत हमारे लिए एक सपने के साकार होने जैसा है। हमारा लक्ष्य शुरू से ही छत्तीसगढ़ के लोगों को विश्वस्तरीय हृदय चिकित्सा सेवाएं उनके अपने राज्य में उपलब्ध कराना रहा है।

हार्ट फेल्योर क्लिनिक बनेगा गेम चेंजर

डॉ. कमलकांत आदिले, डायरेक्टर एवं कार्डियोलॉजिस्ट, SVH ने कहा कि हार्ट फेल्योर, कार्डियोमायोपैथी और कम हार्ट पंपिंग क्षमता वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। यह समर्पित हार्ट फेल्योर क्लिनिक समय पर पहचान, नियमित फॉलो-अप और उन्नत उपचार प्रदान कर मरीजों के लिए जीवन रक्षक साबित होगा।

मजबूत पल्मोनरी और क्रिटिकल केयर सपोर्ट

बहु-विषयक देखभाल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. आर. के. पांडा, डायरेक्टर एवं पल्मोनोलॉजिस्ट, SVH ने कहा कि हार्ट ट्रांसप्लांट जैसी जटिल प्रक्रियाओं के लिए मजबूत पल्मोनरी और क्रिटिकल केयर सपोर्ट अत्यंत आवश्यक है, जिसे SVH पूरी क्षमता के साथ उपलब्ध करा रहा है।

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में नए युग की शुरुआत

डॉ. संदीप चंद्राकर, डायरेक्टर एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन, SVH ने इसे छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में नए युग की शुरुआत बताते हुए कहा कि MGM हेल्थकेयर की विशेषज्ञता और SVH की अनुभवी कार्डियक टीम मिलकर रायपुर को हार्ट एवं ट्रांसप्लांट चिकित्सा का प्रमुख केंद्र बना रही है।

मरीजों के लिए नई उम्मीद

MGM हेल्थकेयर, चेन्नई में अब तक 1000 से अधिक सफल हार्ट एवं लंग ट्रांसप्लांट किए जा चुके हैं। इस अनुभव का लाभ अब छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्यों के मरीजों को मिलेगा। नव-स्थापित हार्ट फेल्योर क्लिनिक और हार्ट ट्रांसप्लांट यूनिट हार्ट फेल्योर से जूझ रहे मरीजों के लिए नई उम्मीद और जीवन रक्षक साबित होगी।

गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर MGM हेल्थकेयर, चेन्नई के डॉक्टरों के साथ SVH के डायरेक्टर्स, सीईओ विनीत सैनी, डॉ. प्रतीक पांडेय, डॉ. चंद्रकांत उसेंडी, डॉ. बी.डी.एस. बालाजी साह सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।

 

 


 

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page